पवन कुमार मिश्र
देवरिया। गांवों के गरीबों और आवासहीन लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ दिया जाएगा। गोरखपुर-बस्ती मंडल में 64 हजार आवास बनेंगे। शासन ने लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। गांवों में कर्मचारियों के माध्यम से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर प्रधानमंत्री आवास योजना की शुरुआत की है। देहात इलाकों में उसके भौगोलिक स्थिति के अनुसार परंपरागत हिसाब से घर बनाए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देहात इलाकों में रहने वाले आवासहीन, कच्चा आवास एक कमरा या दो कमरे मेें रहने वाले लोगों को पक्का मकान देने का और बनाने के साथ वित्तीय सहायता प्रदान करने की प्रावधान हैे।
घर निर्माण के लिए 1.20 लाख रुपयेे वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। लाभान्वितों की पहचान के लिए सामाजिक-आर्थिक-जातीय जनगणना- 2011 का उपयोग किया जाएगा।
लाभान्वित के खाते में सीधे धनराशि स्थानांतरित की जाएगी। मकानों की संरचना क्षेत्रीय आधार पर तैयार की जाएगी। मकानों की रचना में ऐसी खासियतें रखी जाएंगी जो उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से बचाया जा सकें। लाभान्वित को 70,000 रुपये तक का ऋण लेने की सुविधा प्रदान की जाएगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर आवासों के निर्माण हेतु तकनीकी सुविधाएं प्रदान करने के लिए मदद मुहैया कराई जाएगी।
ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेेशक रविशंकर राय ने बताया कि शासन ने लक्ष्य तय कर दिए हैं। रजिस्ट्रेशन के साथ ही ऋण के संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। इसके लिए बैंकर्स की बैठक में बात की जाएगी।