भटनी थाने में फरियादियों की समस्या सुनते एसपी।
देवरिया। जिले के सभी थानों पर शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में कुल 96 शिकायतें आईं। इनमें महज नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि 87 शिकायतें लंबित रह गईं।
राजस्व विभाग से संबंधित 59 और पुलिस विभाग की 37 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि समाधान दिवस पर पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की समस्याएं सुनीं।
कई शिकायतों के निस्तारण के लिए टीमें मौके पर भी भेजी गईं। एसपी अभिजित आर शंकर ने भटनी थाने पहुंचकर जनसुनवाई की। यहां छह शिकायती पत्र मिले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय ने तरकुलवा थाने में जनसुनवाई की। यहां भी छह शिकायती पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान सभी थानों पर डेस्क सिस्टम के तहत शिकायतें सुनी गईं। सीओ और थाना प्रभारियों ने अपने क्षेत्रों में जनसुनवाई की। हल्का प्रभारियों और बीट पुलिस अधिकारियों ने भी अलग-अलग डेस्क लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाकी 87 शिकायतों का समाधान राजस्व और पुलिस विभाग के समन्वय से कराने को कहा गया।