देवरिया। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में होने वाले एशियाई गेम में देवरिया की भी भागीदारी हो सकती है। इसके लिए चयनित नेशनल टीम में शहर की मंजूला पाठक को भी शामिल किया गया है। उनका चयन टीम इंडिया के प्रशिक्षण कैंप में हुआ है। अच्छे प्रदर्शन की बदौलत उन्हें जकार्ता जाने वाले टीम में चुने जाने की पूरी उम्मीद है।
उमानगर के वर्तमान एवं लार के मूल निवासी विनोद कुमार पाठक की पुत्री मंजूला पाठक पूर्वोत्तर रेलवे में टेक्निशियन के पद पर तैनात है। खेल कोटे से ही उनका चयन हुआ था और तभी से वह एनईआर और भारतीय रेलवे हैंडबॉल टीम की नियमित सदस्य हैं। वर्ष 2016 में पाकिस्तान में हुई कांटीनेंटल प्रतियोगिता में रजत जीतने वाली भारतीय सीनियर टीम की सदस्य एवं पिछले साल गोहाटी में आयोजित साउथ एशियन गेम में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रह चुकी हैं। पिछले माह देवरिया में संपन्न हुई सीनियर ओपेन आमंत्रण स्टेट हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी वह विजेता बनीं गोरखपुर टीम की ओर से खेल चुकी हैं। अब उनकी कामयाबी में एक और नगीना जुड़ गया है। उनका चयन जकार्ता में 18 अगस्त से 2 सितंबर तक होने वाले एशियाई खेल में हिस्सा लेने वाली भारतीय हैंडबॉल टीम के प्रशिक्षण कैंप में हुआ है। कैंप में कुल 32 खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में राइट बैक के रुप में खेलने वाली मंजूला ने मंगलवार को बताया कि भारतीय टीम का प्रशिक्षण कैंप पटियाला में लगाया गया है। यहां जुलाई माह तक कैंप चलेगा। इसके बाद टीम चुनी जाएगी। उन्हें पूरी उम्मीद है कि उनका चयन होगा।
----------
इनसेट
---------
एनईआर की पांच खिलाड़ी कैंप में
एनईआर हैंडबॉल टीम के कोच फुरकान अहमद ने बताया कि जकार्ता जाने वाली टीम के चयन को एनईआर की मंजूला पाठक के अलावा सुषमा, अनुप्रित, ज्योति शुुक्ला, सृष्टि जायसवाल का भी प्रशिक्षण कैंप में चुनी गई हैं। यह पहली बार है कि रेलवे टीम की पांच खिलाड़ी प्रशिक्षण कैंप में गई हैं। सबसे बड़ी बात पांचों अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में खेल चुकी हैं।