देवरिया। ओलंपिक संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय ने बताया कि पूर्वांचल में इंडोर हॉल का निर्माण होगा। स्थान का चयन बाद में किया जाएगा। यहां पांच हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। ट्रेनिंग सेंटर भी खोला जाएगा, ताकि पूर्वांचल के खिलाड़ियों के प्रतिभा का निखार हो सके।
ओलंपिक संघ का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुने जाने के बाद शनिवार को पहली बार देवरिया आए आनंदेश्वर पांडेय पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बस उन्हें निखारने की जरूरत है। इसके लिए ओलंपिक संघ योजनाएं तैयार कर रहा है। ओलंपिक संघ के पास धन की कमी नहीं है। अब तो ओलंपिक संघ सरकार से भी आर्थिक मदद नहीं ले रहा है। अंतरराष्ट्रीय फंड से इतना धन आ जाता है कि संघ देश में खेल का विकास कर सके। उन्होंने कहा कि इंडोर हॉल में खो-खो, वालीबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी आदि की सुविधाएं होंगी। पांडेय ने बताया कि उन्होंने वालीबॉल कोच के रूप में करियर की शुरूआत की थी। आज ओलंपिक संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष हैं। कोई भी व्यक्ति किसी भी मुकाम को हासिल कर सकता है। बस उसमें लगन होना चाहिए।
स्टेडियम में किया गया सम्मान
ओलंपिक संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय का सम्मान किया गया। रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित समारोह में अंग वस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया गया। जिला क्रीड़ा अधिकारी केके पांडेय ने बताया कि आनंदेश्वर पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पूर्वांचल की पहचान बनाई है। ओलंपिक संघ का अध्यक्ष चुना जाना गौरव की बात है। उधर, बैतालपुर ब्लॉक चौराहे पर भारतीय ओलंपिक संघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडेय का जनपद आगमन पर खेल प्रेमियों ने फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, राहुल मणि, कपिलमुनि तिवारी, राजेश चौरसिया, सूर्यप्रकाश मणि और कुबेर यादव आदि ने स्वागत किया।