देवरिया। नगर पालिका अध्यक्ष के पिछले कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जांच पूर्व सदस्य की मौजूदगी में होगी। लोकायुक्त के निर्देश पर तीन सदस्यों की टीम तीन जनवरी को देवरिया पहुंचेगी। पूर्व में दो बार हुई जांच रिपोर्ट पर सवाल खड़ा होने के कारण तीसरी बार गैर जनपद के अधिकारियों से जांच कराई जाएगी।
रौनियारी टोला वार्ड नंबर 22 के पूर्व सदस्य गौहर अली सिद्दीकी ने नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह के पिछले कार्यकाल में कराए गए सड़क, नाली, अंडरग्राउंड पाइप लाइन आदि कार्यों में आधा अधूरा निर्माण कार्य कराकर लाखों रुपये का फर्जी भुगतान का आरोप लगाया था। उन्होंने वर्ष 2014 में इसकी शिकायत लोकायुक्त से की थी। उनके निर्देश पर तत्कालीन डीएम के नेतृत्व में जांच हुई। इस दौरान कागजों में हेराफेरी कर फर्जी तरीके से लाखों रुपये भुगतान का मामला पकड़ में आया। लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हुई। उन्होंने जांच में लीपापोती का आरोप लगाते हुए बिना सूचना दिए जांच का आरोप लगाते हुए गैर जनपद के अधिकारियों से शिकायतकर्ता की मौजूदगी में जांच की मांग की। लोकायुक्त ने अन्वेषण अधिकारी राहुल रूसिया, राजाराम यादव और आकाश मिश्रा की संयुक्त टीम को शिकायतकर्ता की मौजूदगी में जांच का निर्देश दिया। पूर्व सदस्य को पत्र के माध्यम से दी गई जानकारी में कहा गया है कि तीन जनवरी को जांच अधिकारी देवरिया आएंगे। चार और पांच जनवरी को निर्माण कार्यों की जांच करेंगे।
पूर्व सदस्य ने सुरक्षा की मांग
देवरिया। नगर पालिका परिषद के पूर्व सदस्य गौहर अली सिद्दीकी ने अपनी जान का खतरा होने की आशंका जताई है। पुलिस से जांच के दौरान सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। आरोप है कि जांच अफसरों को सही बात बताने पर दबंग लोग उसकी हत्या कर सकते हैं।