जिला पंचायत में आयोजित समाजिक न्याय सम्मेलन को संबोधित करते वक्ता
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जिला पंचायत सभागार में सामाजिक न्याय मंच के बैनर तले सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार पर आरक्षण समाप्त करने की साजिश रचने का आरोप लगाया गया। आरक्षण को लेकर वक्ताओं ने आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गाजीपुर के पूर्व विधायक राजीत यादव ने कहा कि पिछड़ों का आरक्षण खत्म करने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार कुचक्र रच रही है। इसके लिए पिछड़े लोगों को जागरूक और एकजुट होने की जरूरत है। सामाजिक न्याय मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि आरक्षण को खत्म करना पिछड़ों के साथ धोखा है। अगर ऐसा हुआ तो विरोध किया जाएगा। पिछड़ों को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए इस मंच के जरिए पूरे प्रदेश में कार्यक्रम किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि जब से केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है पिछड़ों के हक को छीनने की साजिश चल रही है। हम ऐसा नहीं होने देंगे। इस दौरान व्यास यादव, बाबूलाल, चंद्रभूषण, दुर्गा प्रसाद, आरएस गौतम आदि मौजूद रहे।