देवरिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा केंद्र का मानक शासन ने निर्धारित कर दिया गया। तय मानक के अनुसार नंबर दिया जाएगा। नंबरिंग के आधार पर परीक्षा केंद्र बनेंगे। इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। सब कुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह के अंदर परीक्षा केंद्र बना दिए जाएंगे।
बोर्ड परीक्षा की तारीख आते ही परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारियां तेजी हो गई हैं। जिले में 524 कॉलेज है। परीक्षा केंद्र के लिए ऑनलाइन आवेदन कॉलेजों ने किया है। विद्यालय के कुल 14 आधारभूत सुविधाओं में सीसीटीवी कैमरा, बैठने के लिए सीट, बिल्डिंग, कमरा, कंप्यूटर, जेनरेटर आदि शामिल हैं। इस आधार पर नंबर तय होगा। इसे देखते हुए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया जाएगा। इस साल इंटर में 87541 और हाईस्कूल में 125662 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले साल इंटर में 64789 और हाईस्कूल में 80962 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए थे। पिछले साल की अपेक्षा इस साल परीक्षार्थियों की संख्या अधिक है। परीक्षा केंद्र निर्धारण में प्रथम वरीयता क्रम में राजकीय विद्यालय होंगे। इसके बाद एडेड और नान एडेड विद्यालय शामिल किए जाएंगे। दूरी का भी ध्यान रखा जाएगा। डीआईओएस शिवचंद ने बताया कि परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। एक सप्ताह के अंदर परीक्षा केंद्र घोषित कर दिए जाएंगे।