बरहज। बीआरडीबीडी पीजी कॉलेज आश्रम में अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों ने मुख्य चौक पर जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। छात्र मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। एसडीएम के आश्वासन के बाद जाम खत्म हुआ।
गुरुवार को करीब 1.30 बजे छात्र नेता रवि जायसवाल के नेतृत्व में छात्रों का हुजूम चौमुखी चौराहे पर सड़क जाम कर धरने पर बैठ गया। छात्रों का आरोप था कि महाविद्यालय में बिजली, बैठने की व्यवस्था और पानी आदि सुविधाएं बद से बदतर है। प्राचार्य नहीं होने से कॉलेज में अराजकता का माहौल है। सड़क जाम होने से मार्गों पर वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पहुंचे एसडीएम अरुण सिंह, नायब तहसीलदार सुनीता गुप्ता, सीओ वरुन मिश्र ने छात्रों को समझकर जाम समाप्त कराना चाहे, लेकिन छात्र मांगों पर अड़े रहे। काफी जद्दोजहद के बाद छात्रों ने धरने को समाप्त किया। इस दौरान रामसजन यादव, गौरव रावत, शाश्वत प्रताप सिंह, शुभम तिवारी, दुर्गेश यादव, रवि, दिलीप आदि मौजूद रहे।