सलेमपुर। नगर में जाम की समस्या बढ़ गई है। सहकारी बैंक से लेकर ओवरब्रिज व सोहनाग मोड़ से एचडीएफसी बैंक तक वाहनों का लंबी कतारें लग रही हैं। इसमें फंसने से लोगों का वक्त बर्बाद हो रहा है।
सोहनाग मोड़ पर वाहनों के बेतरतीब मोड़ने व खड़ा होने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। दिन में दस बजे व स्कूल खुलने के समय वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है। वाहनों की पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते लोग अपने वाहन सड़क पर खड़ी कर दे रहे हैं। इससे बस और बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी होती है और सड़क जाम हो जाता है। दोपहर जब स्कूल बंद होता है तो उनकी बसें एक साथ निकलती हैं। सोहनाग मोड़ पर मोड़ने के दौरान बसों के निकलने में ज्यादा वक्त लगता है। इस दौरान आटो व बाइक चालक अपने वाहन निकलने का प्रयास करते हैं। इससे जाम खत्म होने में काफी समय लग जाता है। सोहनाग की तरफ से जब वाहन सीधे मुख्यमार्ग पार कर सेंट जेवियर्स मार्ग को जाते है तो मुख्य मार्ग जाम हो जाता है। जाम के चलते तहसील व अस्पताल जाने के लिए लोग सेट जेवियर्स रोड होकर निकलते हैं। मंगलवार को दोपहर बाद सोहनाग मोड़ से एचडीएफसी बैंक तक वाहनों की कतारें लग गई। इसके बीच से निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया। काफी देर बाद जाम समाप्त हुआ।