सलेमपुर। लार रोड रेलवे स्टेशन पर मामूली बात को लेकर टिकट बाबू और यात्री के बीच तकरार हो गई। इसको लेकर रेलकर्मियों ने बीबी-बच्चों के सामने यात्री की पिटाई कर कमरे में बंद कर दिया। इसका वीडियो एक युवक मोबाइल में बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने यात्री और वीडियो बनाने वाले युवक को हिरासत में ले लिया।
लार रोड रेलवे स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक से लेकर कई कर्मचारी लोकल के रहने वाले हैं। इस वजह से टिकट दलालों को शह मिलता है। मंगलवार को सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के कुटिया गांव निवासी बबलू वर्मा नामक एक युवक बीबी और बच्चों के साथ दोपहर में लार रोड रेलवे स्टेेशन पहुंचा। उसे ढाई बजे पैसेंजर से वाराणसी जाना था। दो बजे टिकट के लिए वह काउंटर पर गया तो वहां तैनात बाबू ने ट्रेन आने पर टिकट देने की बात कही। इसी बात को लेकर यात्री और टिकट बाबू के बीच तकरार होने लगी। इससे नाराज बाबू काउंटर छोड़ बाहर निकल आया और यात्री से मारपीट करने लगा। यह देख कार्यालय में मौजूद रेलकर्मी भी यात्री को पीटकर कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी। पति को छोड़वाने के लिए रेलकर्मियों के सामने पत्नी और बच्चे गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन रेलकर्मियों को थोड़ी भी रहम नहीं आई। मारपीट की घटना का तेलिया कला गांव निवासी मो. आसिफ मोबाइल में वीडियो बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस से रेलकर्मियों ने कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। वहां मौजूद आसिफ ने विरोध किया और मोबाइल में बनाया हुआ वीडियो पुलिस वालों को दिखाया। आसिफ का मोबाइल पुलिस ने कब्जे में ले लिया और दोनों को मईल थाने लेकर चली गई। आसिफ मऊ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार स्टेशन पर कर रहा था। मईल एसओ ने बताया कि 100 डॉयल की पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर आई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।