देवरिया। मेन लाइन में फॉल्ट आने से सोमवार को जिले में 10 घंटे तक बिजली गुल रही। देहात इलाके में हाहाकार मच गया। उमस भरी गर्मी ने दिक्कत बढ़ा दी। बिजली आधारित उद्योग-धंधा प्रभावित रहे। दोपहर में 1.30 बजे बिजली आई। इसके बाद कामधाम निपटाने में लोग जुट गए। जिले में मोतीराम अड्डा ट्रांसमिशन से कतरारी ट्रांसमिशन 220 केवीए को बिजली आपूर्ति होती है। इसके बाद देवरिया के अलावा सलेमपुर, रुद्रपुर और कसया इलाके के सब स्टेशन को 1.32 लाख केवीए की बिजली भेजी जाती है। सब स्टेशनों के जरिए उपभोक्ताओं को बिजली मिलती है। सोमवार की सुबह 4.10 बजे कतरारी ट्रंसमिशन की इनकमिंग आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते देहात के सब स्टेशन ठप हो गए। सलेमपुर, बरहज और रुद्रपुर समेत जिले के अन्य इलाके में बिजली गायब हो गई। अलबत्ता बैतालपुर सब स्टेशन को बिजली आपूर्ति की गई। कुछ देर के बाद घरों के इन्वर्टर जवाब दे गए। सूरज के तीखे तेवर से उपभोक्ता परेेशान हो गए। जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी से उपभोक्ताओं की मुसीबतें बढ़ती गईं।
इनसेट
रात भर अंधेरे में रहा हनुमान मंदिर इलाका
देवरिया। कॉन्वेंट स्कूल के पास रविवार की रात को तार टूट गया। इसके चलते हनुमान मंदिर इलाके में बिजली गुल रही। उमस भरी गर्मी ने मुसीबत बढ़ा दी। इसके चलते नींद पूरी नहीं हो सकी। बच्चे रोते-बिलखते रहे। बच्चों को स्कूल भेजने में दुश्वारियां उठानी पड़ी। दिन में 11 बजे बिजली आई। इसके बाद लोगों को सुकून मिला।