रुद्रपुर। चार जुलाई को मॉडल शॉप में लूट की सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले लुटेरों के गिरेबान तक पहुंचने में पुलिस कुछ ही कदम दूर है। सेल्समैन ने दो लुटेरों की पहचान कर ली है। इनमें से एक गैर जनपद का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम देने वाले लुटेरे काफी चर्चित हैं।
रुद्रपुर के बस स्टेशन पर मॉडल शॉप में चार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। उन्होंने रात करीब 11 बजे दुकान बंद होने के समय असलहा सटाकर दुकान में रखी गई बिक्री की रकम, मोबाइल और शराब की बोतलें लूट ली थी। चारों बदमाश दो बाइक से भाग गए थे। घटना के पर्दाफाश को लेकर एसपी राजीव मल्होत्रा ने टीम का गठन की। छह दिन की मेहनत के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए लूट की घटना वाले क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल की जांच की। उन्होंने पूर्वांचल में लूट की घटनाओं में लिप्त रहे नामचीन बदमाशों की सेल्समैनों से पहचान कराई। दो बदमाश पहचान में आ चुके हैं। इनमे से एक देवरिया का और दूसरा सीमावर्ती जिले का रहने वाला है। दोनों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि पुलिस घटना का पर्दाफाश करने के करीब है।