बघौचघाट। विकास खंड पथरदेवा के मेंदीपट्टी स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर फॉर्म) भरने की प्रक्रिया तेज गति से जारी रही।
विद्यालय में बूथ संख्या 303 और 304 के मतदाताओं का विवरण दर्ज किया जा रहा है। दोनों बूथों पर अब तक करीब 95 प्रतिशत फॉर्म ऑनलाइन अपलोड हो चुके हैं।
प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं से नाम, जन्मतिथि, आधार नंबर, माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर, क्रम संख्या, भाग संख्या, विधानसभा क्षेत्र जैसी अनिवार्य जानकारियां ली जा रही हैं। नए मतदाताओं के लिए वर्ष 2025 की मतदाता सूची के अनुसार नया फॉर्म भरवाया जा रहा है, जबकि पुराने मतदाताओं के लिए 2003 का एसआईआर फॉर्म उपयोग में लिया जा रहा है।
पुराने मतदाताओं के फॉर्म में नाम, पिता/पति का नाम, क्रम संख्या, भाग संख्या और विधानसभा क्षेत्र के आधार पर अपडेट किया जा रहा है। हाल ही में मस्जिदिया विद्यालय की बीएलओ को शत-प्रतिशत फॉर्म अपलोड करने पर सम्मानित भी किया गया था। एसआईआर फॉर्म की जिम्मेदारी संभाल रही बीएलओ व शिक्षामित्र रंजू राय ने बताया कि शासनादेश के अनुरूप प्रत्येक बिंदु की जांच के बाद ही फॉर्म भरा जा रहा है। सभी विवरण भरने के बाद फॉर्म को ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है, जो अब तक 95 प्रतिशत तक पूर्ण हो गया है।
उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग ने दोहरी प्रविष्टियों की पहचान के लिए नई डिजिटल प्रणाली विकसित की है।