चूल्हे की चिंगारी से भाटपाररानी में नौ झोपड़ियां राख, गाय भी झुलसी
भाटपाररानी। चूल्हे से निकली चिंगारी से नगर के वार्ड नंबर आठ सोहनपार दलित बस्ती में आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने नौ झोपड़ियाें को चपेट में ले लिया। एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। आग पर काबू पाने के लिए लोगों ने फायर ब्रिगेड को फोन किया। वह गाड़ी सोहनपार के बजाय बेलपार में पहुंच गई। जब गाड़ी मौके पर पहुंची तबतक नगर वासियों ने आग पर काबू पा लिया था।
शनिवार को शाम चार बजे चूल्हे की चिंगारी से बंका प्रसाद की झोपड़ी में लग गई। तेज पछुआ हवा के चलते आग ने सुग्रीव प्रसाद, विश्राम, मलक, राजेंद्र, सुभाष, रामसागर, राम दुलारे की झोपड़ियाें को आगोश में ले लिया। झोपड़ी में रखा सारा सामान कपड़ा, अनाज, रुपये, चौकी, बिछावन, चारपाई, साइकिल आदि राख हो गए। इस अग्निकांड में सुग्रीव प्रसाद की गाय बुरी तरह झुलस गई। काफी मशक्कत के बाद लोग आग बुझाने में सफल हुए।