देवरिया में हाईटेंशन तार टूटने से शहर के 20 हजार लोगों को बिजली के लिए शुक्रवार रात भर दिक्कत झेलनी पड़ी। शनिवार को सुबह नौ बजे तार को ठीक किया गया। इसके बाद आपूर्ति बहाल हुई। घरेेलू कामकाज को निपटाने में महिलाएं जुट गई।
शहर के गोरखपुर रोड स्थित इंटर कॉलेज के सामने शुक्रवार की रात 12.30 बजे हाईटेंशन तार अचानक टूट गया। इसके चलते भुजौली फीडर से जुड़े इलाके गोरखपुर रोड, कैलाशपुरी, अहमद नगर, अली नगर, इंदिरा नगर, सीसी रोड, भुजौली कॉलोनी आदि मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। मोहल्लेवासियों ने उपकेंद्र में बिजली गुल होने की जानकारी दी। कर्मचारियों ने हाईटेंशन तार के टूटने की बात बताई।
कर्मचारियों ने शनिवार को सुबह के समय ही ठीक करने को कहा। कुछ घंटे के बाद घरों में लगा इन्वर्टर बैठ गया। गर्मी के चलते लोग बेहाल हो उठे। बच्चों की हालत तो और खराब हो गई। किसी मकान की छत पर टहल कर रात गुजारनी पड़ी। सुबह के समय टंकियों से पानी की समस्या खड़ी हो गई। हैंडपंप के पानी से जरूरत के कामों को निपटाया।