गौरी बाजार। बखरा चौराहे के पास ई-रिक्शा से हाटा से अपने दो बच्चों के साथ घर जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन व मंगलसूत्र छीन कर भाग गए।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम भटौली खुर्द निवासी अंजू चौहान पत्नी अंबिका चौहान शुक्रवार को किसी काम से कुशीनगर जनपद के हाटा कस्बे में गई थीं।
शाम करीब पांच बजे ई-रिक्शा से दो बच्चों के साथ गौरी बाजार लौट रही थीं। बखरा चौराहे के पास दो बाइक सवारों ने ई-रिक्शा को रोक लिया और महिला के गले से चेन व मंगल सूत्र छीनकर भाग गए। महिला ने बताया कि बाइक सवारों ने कपड़े से चेहरा ढक रखा था। दिनदहाड़े हुई वारदात की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर सीओ रुद्रपुर हरीराम यादव, एसओ डाॅ. महेंद्र कुमार पहुंचे। एसओ डाॅ. महेंद्र कुमार ने बताया कि बाइक सवारों की तलाश की जा रही है। संवाद