पैकौली। पौहारी महाराज राज्य स्तरीय क्रास कंट्री प्रतियोगिता में लखनऊ के धावक श्रवण कुमार ने सभी धावकों को पछाड़ते हुए बाजी अपने नाम की। वाराणसी के सुनील यादव द्वितीय व देवरिया के संजय पटेल तीसरे स्थान पर रहे।
रेस बुधवार को पैकौली चौराहे से शुरू हुई। इसमें 46 धावकों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि भाजपा नेता शशांक मणि एवं विशिष्ट अतिथि महेंद्र यादव व जयश्री यादव ने झंडी दिखाकर रेस को रवाना किया। रेस सुबह 10.30 बजे से शुरू होकर मझगांवा, कतरारी, रुद्रपुर मार्ग पर मंगरु चौराहे से वापस होकर पुन: पैकौली चौराहे पर पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें श्रवण कुमार लखनऊ ने 31.30 मिनट का समय निकालकर 10 किलोमीटर की रेस पूरी की और प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर रहे वाराणसी के सुनील यादव 32.11 मिनट एवं तीसरे स्थान पर देवरिया के संजय पटेल 32.32 मिनट में रेस पूरी की। मनोज यादव वाराणसी चौथे, राजकिशोर रावत देवरिया पांचवें तथा सतीश चौहान देवरिया छठवें स्थान पर रहे। पहले छह स्थानों पर आए खिलाड़ियों को आयोजन समिति की ओर से टीवी, साइकिल, मिक्सर, सीलिंग फैन, ब्लोवर आदि से पुरस्कृत किया गया। रेस पूरा करने वाले अन्य धावकों को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मौके पर आयोजन समिति के हीरा यादव, अरविंद शाही, विजयशंकर यादव, मुकेेश विश्वकर्मा, मदन शाही, इद्रीश अंसारी, रामेश्वर शाही, संजय यादव, रमन मोदनवाल, रमापति यादव, संगम यादव, सुरेमन सिंह, अविनाश चौहान, धर्मेंद्र चौहान, सुदर्शन यादव, रविंद्र कुमार, जयसिंह यादव, भरत चौहान आदि मौजूद रहे।