- भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
- जिले के विकास के लिए छह सूत्री ज्ञापन पर सीएम ने दिया भरोसा
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। राजकीय मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भाजपाइयों ने देवरिया में विकास प्राधिकरण बनाने की मांग की है। इसके अलावा शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए पश्चिमी बाइपास, बैतालपुर चीनी मिल के संचालन का मुद्दा भी शामिल रहा। सीएम ने सभी बिंदुओं पर विचार के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.अंतर्यामी सिंह ने पत्रकारों से वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देवरिया पुराना शहर है। बाद में बने अन्य जिले विकास की राह पर आगे बढ़ चुके हैं, लेकिन शहर अब भी पिछड़ा है। इसके सर्वांगीण विकास के लिए विकास प्राधिकरण की जरूरत है। बीआरडी पीजी कॉलेज को कृषि विश्वविद्यालय बनाने के लिए शासन स्तर पर कमेटी गठित करने की भी मांग सीएम के सामने रखी गई है। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में अपग्रेडेड इवनिंग अर्बन पीएचसी, जाम के समाधान के लिए कतरारी होते पश्चिमी बाइपास, बैतालपुर चीनी मिल को शर्तों के अनुसार संचालित कराने, प्रत्येक तहसील स्तर पर पूर्व में गठित औद्योगिक क्षेत्रों को फिर से सक्रिय कराने का भी अनुरोध किया गया है। जिलाध्यक्ष ने बताया कि सीएम ने सभी मांगों पर विचार कर जल्द समुचित कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि शिलान्यास समारोह में हर मंडल और बूथ के कार्यकर्ताओं ने अपनी सक्रियता दिखाई, जिसका नतीजा भारी भीड़ के रुप में सामने था।
---