चकीया पूर्वी मुहल्ले मे लगा जल जमाव।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। तेज बारिश ने रविवार को शहर के जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। दोपहर बाद से शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर रात तक जारी रही। इससे शहर के विभिन्न इलाकों में जलभराव लग गया। पुरवां चौराहा, रुद्रपुर मोड़, सलेमपुर रोड पर निर्माणाधीन फोरलेन के गड्ढों में पानी भरने से स्थिति खतरनाक रही। न्यू कॉलोनी, हनुमान मंदिर, मुंसिफ कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव से राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी।
बारिश से पहले ही नगर पालिका प्रशासन ने जलनिकासी के बेहतर इंतजाम का दावा किया था। बड़े नालों की सफाई के लिए ठेका भी दिया गया, मगर सफाई में कोरमपूर्ति के चलते अधिकांश नालों में कूड़ा-कचरा अभी भी भरा हुआ है। गनीमत यही थी कि अब तक रिमझिम बारिश ही हुई थी। रविवार को सावन की पहली तेज बरसात शुरू हुई तो सारे दावे फुस्स हो गए। शहर के वीआईपी इलाकों में भी लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। न्यू कॉलोनी चकियवां मोहल्ले में राहगीरों को गंदे पानी से होकर आवागमन करना पड़ा। कसया बाईपास पर चिरइया ढाले के गायत्री मंदिर तक जगह-जगह पानी लगा रहा। इसी रास्ते पर सोमनाथ मंदिर भी स्थित है, जहां सोमवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। जलभराव के कारण भक्तों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ेगा। हनुमान मंदिर मोहल्ले में सीसी रोड पर भी कई जगह जलभराव की स्थिति रही। निर्माणाधीन फोरलेन के लिए खोदी गई सड़क के गड्ढों में पानी भरने से बाइक व साइकिल सवार लड़खड़ा कर गिरते रहे। रुद्रपुर मोड़, सलेमपुर रोड, पुरवां चौराहा के पास स्थिति खतरनाक रही।