रामपुर कारखाना। विद्युत कर चोरी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महाविद्यालय के प्रबंधक सहित नौ लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बा सहित गांव में विद्युत परिवर्तन दल प्रभारी गोरखपुर के विवेक सिंह के नेतृत्व में छापामारी की गई। नौ लोग अवैध रूप से बिजली चोरी करते पकड़े गए। प्रवर्तन दल के छापामारी में क्षेत्र के दुलारी देवी महिला महाविद्यालय के प्रबंधक बृज किशोर पांडे के विद्यालय में बिना कनेक्शन, बिना मीटर विद्युत प्रयोग किया जा रहा था। बनकट बहादुरपुर में राकेश राय द्वारा बिना कनेक्शन ट्यूबवेल चलाया जा रहा था। कस्बा में फारूख के यहां बिना मीटर कामर्शियल प्रयोग में बिजली लाया जा रहा था। कस्बे के नदीम के यहां कपड़े की दुकान है। कामर्शियल कनेक्शन नहीं पाया गया। शिवसागर सिंह के यहां घरेलू कनेक्शन है, जबकि इनके मकान में चार किराएदार हैं। परिवर्तन दल के प्रभारी ने इनके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर थानाध्यक्ष प्रभातेश श्रीवास्तव ने नौ लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया। परिवर्तन दल प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि कर चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।