मेहरौनाघाट। पंपवर्करों की छोटी सी लापरवाही से कई लोगों की बाइक सीज हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो वर्कर पंप बंद कर भाग गए। पूर्ति निरीक्षक ने पेट्रोल पंप पर नोटिस चस्पा कर पंप मालिक से स्पष्टीकरण मांगा है।
लार नगर के सलेमपुर रोड पर मनीष फीलिंग सेंटर है। शुक्रवार को टैंकर डीजल लेकर पहुंचा। लापरवाह वर्करों ने डीजल को पेट्रोल टैंक में खाली करा दिया। इसकी वजह से दोपहर बाद पेट्रोल लेने वाले करीब चार दर्जन लोगों की बाइक में डीजल पड़ गया। इसके चलते कई लोगों का इंजन सीज हो गया। इसकी जानकारी होने पर लोगों ने टंकी पर हंगामा किया और थाने पर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस की सूचना पर पूर्ति निरीक्षक सलेमपुर पहुंचे और बाइक सवारों का ब्यान दर्ज किया। मामला बढ़ता देख वर्कर और मालिक पंप बंद कर खिसक गए। शनिवार को पंप पर ताला बंद रहा। शुुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक ने पेट्रोल पंप पर एक नोटिस चस्पा कर पंप मालिक से पेट्रोल की जगह बाइकों में डीजल डालने की वजह पूछी है। पूर्ति निरीक्षक दुर्गा दत्त ने बताया कि पंप मालिक ने बताया है कि गलती से पेट्रोल टैंक में डीजल पड़ गया था। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेज दिया हूं। जैसा आदेश मिलेगा उस अनुसार कार्रवाई की जाएगी।