देवरिया। जमीन विवाद सुलझा रहे दरोगा ने पीड़ित को थाने में पीट दिया। इससे फरियादी का दाहिना हाथ टूट गया। आरोपी दरोगा के खिलाफ पीड़ित ने कई बार थाने में तहरीर दी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को वह एसपी के पास पहुंचा और आरोपी दरोगा पर केस दर्ज कराने की मांग करने लगा। पुलिस अधिकारी शिकायती पत्र की जांच करवा रहे हैं।
सलेमपुर थानाक्षेत्र के सहला गांव निवासी अशोक मजदूर है। उनका आरोप है कि जमीन को लेकर पट्टीदारों से विवाद चल रहा है। करीब 15 दिन पहले विवाद के बाद उन्होंने यूपी 100 को घटना की सूचना दी। पीआरवी अशोक के पट्टीदार को थाने ले गई। आरोप है कि कोतवाली में तैनात दरोगा ने पट्टीदार को छोड़ दिया। कारण पूछने पर थाने में पिटाई की। इससे एक हाथ टूट गया। वह स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए और हाथ पर प्लास्टर करवाया। थाने में कई बार आरोपी दरोगा की शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अशोक ने मारपीट की जानकारी फिर एसपी को दी। उसने दरोगा मारपीट कर हाथ तोड़ने और जातिसूचक शब्द का प्रयोग करने की तहरीर दी है। जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा पुलिस कार्यालय से पीड़ित को मिला है।