भटनी। वाहन चालकों की मनमानी से राष्ट्रीय कार्यक्रमों को पलीता लग रहा है। अस्पतालों पर समय से वाहन नहीं पहुंचने के कारण जिम्मेदार स्वास्थ्यकर्मी क्षेत्र में नहीं जा रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए सीएचसी के अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र भेजकर वाहन का ठेका खत्म करने और दूसरा वाहन उपलब्ध कराने को कहा है।
स्वास्थ्य विभाग में सरकार की ओर से राष्ट्रीय योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके लिए सीएचसी केंद्रों पर प्राइवेट वाहन ठेके पर रखा गया था। वाहन और चालक स्थानीय होने के कारण वक्त से अस्पताल पर वाहन लेकर नहीं जाते हैं। भटनी अस्पताल की एक बोलेरो चालक की मनमानी से कई दिनों से स्वास्थ्यकर्मी क्षेत्र में नहीं जा रहे हैं। आरोप है कि सुबह अस्पताल पर वाहन खड़ा कर चालक घर चला जाता है। फोन करने पर रिसीव नहीं करता है। कई दिनों से ऐसा कर रहा है। इसकी शिकायत अधीक्षक तक पहुंची तो वे भी हैरान हो गए। अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र भेजकर इससे अवगत कराया है।