देवरिया। पुलिस टीम ने पथरदेवा क्षेत्र एक ईंट-भट्ठे के पास घेराबंदी कर बाइक से आ रहे दो अंतर प्रांतीय वाहन लिफ्टरों को गिरफ्तार किया। इनकी निशानदेही पर आठ बाइक, दो किलो गांजा, मोबाइल फोन, चांदी के पायल और बाइक की चाभी बरामद हुए। जबकि सरगना समेत दो लोग पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। एसीपी ने गैंग पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करने की बात कही है।
पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा मंगलवार को पुलिस लाइंस में पत्रकारों को बताया कि इधर लगातार वाहन चोरी की घटनाओं की शिकायत मिल रही थी। इस मद्देनजर रखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में तरकुलवा उपनिरीक्षक शशांक राय एवं थानाध्यक्ष बघौचघाट के साथ सीआईयू एवं सर्विलांस की टीम बनाई गई। टीम ने पथरदेवा क्षेत्र एक ईंट-भट्ठे के पास घेराबंदी कर बाइक से आ रहे दो अंतरप्रांतीय वाहन लिफ्टरों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि वाहन लिफ्टरों के गिरोह के सरगना कुलदीप सिंह का लोकेशन मुंबई में मिल रहा है। गिरोह के अर्पित सिंह, राजकुमार राय तरकुलवा थाना के कस्बा पथरदेवा के रहने वाले हैं। गिरोह में पांच सदस्य हैं। गिरोह के सदस्य वाहन चोरी सहित अन्य घटनाओं को अंजाम देते हैं। गिरोह के पांचों सदस्यों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। पकड़े गए दोनों वाहन लिफ्टरों को जेल भेज दिया गया। गिरोह के सरगना सहित तीन की तलाश की जा रही है।