खाद लेने गए युवक को पीटा, आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज
चनुकी। गेहूं की बुआई के लिए दुकान पर खाद लेने गए युवक को बगल गांव के कुछ लोगों ने पीट दिया। खाद लेकर लौटते समय भी उन्हीं लोगों ने दोबारा पिटाई कर दी। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है
लार थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी दिल मुहम्मद शुक्रवार को खाद लेने जा रहा था। रास्ते में भैंस चरा रहे लोगों ने कुछ कहा तो युवक ने भी जवाब दिया। चरवाहों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। अगल बगल के लोगों ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराया। खाद लेकर घर लौटते समय भी चारवाहों ने पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने घायल दिल मुहम्मद को लार अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में दिल मुहम्मद की तहरीर पर पुलिस ने पिंटू, प्रदीप, गोलू, विल, रवि, कल्लू निवासी हटवा थाना लार सहित आठ लोगों के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के पिंटू की तहरीर पर दिलमुहम्मद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ टीजे सिंह ने बताया कि मारपीट की घटना में दोनों तरफ से लोग घायल हैं। दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया है।