75 सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानें बनेंगी मॉडल शाप
पहले चरण में शहर की पांच दुकानें भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले की कोटे की दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए पहले चरण में शहर से लगायत देहात तक की 75 दुकानों को चिह्नित किया गया है। इन दुकानों पर ई-स्टांप, यात्री टिकट मिलेगा। भविष्य में योजना है कि आधार कार्ड, आय-जाति प्रमाणपत्र की भी सुविधा मिलेगी।
जनपद की वितरण प्रणाली की दुकानों पर गेहूं, चावल, नमक, तेल के अलावा यहां से कई सुविधाएं लोगों को देने की कवायद शुरू हो गई है। जिला पूर्ति अधिकारी संजय पांडेय ने बताया कि इसके लिए 1465 दुकानों में पहले चरण में 75 दुकानों का चयन किया गया है। इसमें शहर की पांच, सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर कस्बा सहित जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों की दुकानें शामिल हैं, जहां पर दुकानों को मॉडल शाप के रूप में विकसित किया जाएगा।
इन दुकानों का चयन कर आपूर्ति विभाग आयुक्त खाद्य व रसद को इसी सप्ताह भेज देगा। इन दुकानों को नियमित सामाजिक जिम्मेदारी से विकसित किया जाना है। आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार इन दुकानों से ई-स्टांप भी बेचा जाएगा। इसके अलावा आधार कार्ड, पेंशन, यात्रा टिकट, आय, जाति सहित अन्य सुविधाओं को मुहैया कराने की योजना है।
बढ़ेगी आय, मिलेगा लोन
देवरिया। मॉडल शाप के रूप में विकसित होने वाली कोटे की दुकानों से लाइसेंस धारक की आय बढ़ेगी, क्योंकि इनको जरूरत के सामान रखने की छूट होगी। वहीं, दूसरी तरफ भविष्य की योजना है कि इनके लाइसेंस पर पांच लाख रुपये का मुद्रा लोन भी दिया जाएगा।
तगड़े मानक की वजह से शहर में कम मिल रहीं दुकानें
देवरिया। कोटा की जिन दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित किया जाना है। उसका मानक काफी तगड़ा है। दुकान के लिए जगह अधिक चाहिए, संकरा मार्ग नहीं होना चाहिए। पेयजल के लिए हैंडपंप लगा होना चाहिए। जबकि शहर की अधिकतर दुकानों पर इस तरह की सुविधाएं नहीं हैं। इसके कारण आपूर्ति विभाग बड़े गांवों की तरफ रुख कर रहा है।