देवरिया। तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई में 23 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाली नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए यूपी टीम की कमान देवरिया के कृष्णा कुमार गौतम को सौंपी गई है। गोलकुंडा (हैदराबाद) में तैनात सेना के जवान कृष्णा को यह जिम्मेदारी यूपी हैंडबॉल संघ ने सौंपी है। यूपी की टीम गुरुवार को लखनऊ से तमिलनाडु के लिए रवाना हुई।
47वीं सीनियर नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप के लिए यूपी टीम का प्रशिक्षण कैंप छह से 21 फरवरी तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम लखनऊ में चला। इसके बाद 16 सदस्यीय टीम की घोषणा हुई। कृष्णा ने बताया कि पिछली बार यूपी टीम टॉप सिक्स में शामिल थी। इस बार टीम की तैयारी बेहतर है। इस बार टीम टॉप थ्री में जगह बनाएगी।
जिले के परसिया लखना गांव निवासी पूर्णमासी प्रसाद की छह संतानों में तीसरे स्थान के कृष्णा हैंडबॉल में देवरिया के चमकते सितारे हैं। उनके परिवार में खेल में कॅरियर बनाने का माहौल है। बड़े भाई संदीप गौतम हैंडबॉल, बहन शिल्पी अंबेडकरनगर में इसी खेल में अंशकालिक प्रशिक्षक व छोटे भाई नवनीत फुटबॉल के खिलाड़ी हैं। कृष्णा की पत्नी ममता भारती तैराकी खिलाड़ी के रूप में नेशनल स्पर्धा में हिस्सा ले चुकी हैं। वर्तमान में कुशीनगर में तैराकी की प्रशिक्षक हैं। पिछले साल 25 से 30 सितंबर तक ताशकंद कजाखिस्तान गई भारतीय सीनियर हैंडबॉल टीम में भी कृष्णा शामिल थे। उन्होंने टीम को रजत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।