देवरिया। छपिया जयदेव गांव में सीएम के आगमन पर हेलीपैड से लेकर शहीद के घर तक जनसैलाब उमड़ा था। तय समय से 15 मिनट विलंब से सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलीकाप्टर उतरा तो तिरंगा लहराते हुए लोग पाकिस्तान मुर्दाबाद का नारा लगाने लगे। देशप्रेम और शहीद के सम्मान में हुई नारेबाजी से गांव गूंज उठा।
शहीद विजय का पार्थिव शरीर जिस दिन घर आया था, उस दिन हजारों लोग पहुंच गए और प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। सीएम के आगमन पर हेलीपैड से शहीद के दरवाजे तक दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दिया गया था। लोग सुबह से ही शहीद के दरवाजे पर पहुंचने लगे, लेकिन सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों ने किसी को भी बैरिकेडिग के अंदर नहीं दाखिल होने दिया। सुबह 10.10 बजे सीएम का आगमन होना था, लेकिन वह 10.25 बजे शहीद के गांव पहुंचे। हेलीकाप्टर नीचे उतरते ही पाकिस्तान मुर्दाबाद, विजय भइया अमर रहे का नारा गूंजने लगा। छतों और पेड़ों पर बैठे युवक हाथ में तिरंगा लहराते हुए सीएम से शहादत का बदला लेने की मांग कर रहे थे। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए प्रशासन को दरवाजे पर रस्सी से बैरिकेडिंग करना पड़ा। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. अंतर्यामी सिंह, विजय दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, जिला उपाध्यक्ष जयनाथ कुशवाहा, अरुण सिंह, विनोद ठठेरा, हितेंद्र तिवारी, पुनीत शाही, दीनदयाल तिवारी आदि मौजूद रहे।
विजयलक्ष्मी से मिले अफसर
सीएम के जाने बाद डीएम अमित किशोर, सीडीओ राजेश त्यागी, एडीएम राकेश पटेल और रामपुर कारखाना विधायक कमलेश शुक्ला शहीद की पत्नी विजयलक्ष्मी से मिले। प्रशासन के लोगों ने कहा कि जो मांगपत्र सीएम को दिया गया है। उसमें आपकी सभी बातें शामिल हैं। काफी समझाने के बाद पत्नी शांत हुईं।
महिला को अफसरों ने रोका
मझौलीराज की मीरा देवी के पति का कुछ माह पूर्व निधन हो गया था। दो दिन पूर्व शहीद विजय मौर्य के घर पहुंची मीरा देवी ने विजयलक्ष्मी से मिलकर कहा था कि जो भी आश्वासन मिलता है, वह पूरा नहीं होता। सीएम के आने से पूर्व मीरा देवी विजय की घर की ओर जा रही थी। अफसरों ने मीरा को अंदर जाने से रोक दिया।
आनन-फानन में जारी कराया गया पास
सीएम के आगमन पर पहुंचे भाजपा नेताओं और मीडिया को पास जारी करने का निर्देश डीएम ने दिया। आनन-फानन में यह व्यवस्था लागू होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सत्ता पक्ष के कई नेताओं को पास नहीं मिल सका।
शहीद परिवार से मिले छात्रनेता
प्रयागराज यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष उदयप्रताप सिंह यादव शहीद विजय मौर्य के घर मंगलवार को पहुंचे। शहीद की पत्नी विजयलक्ष्मी से मिलकर ढांढस बंधाया और कहा कि छात्र संगठन शहीद परिवार के साथ है।