कलेक्ट्रेट में अर्धनग्न होकर बैठा मोनु तिवारी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। करीब डेढ़ माह पहले भाटपाररानी थानाक्षेत्र के दनउर गांव में दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या के मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने से क्षुब्ध युवक ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हंगामा मचाया। पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए युवक ने अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। ज्ञापन लेने पहुंचे अपर एसडीएम को लौटा दिया। बाद में एडीएम प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
दनउर गांव के पास खेत में 16 नवंबर को महिला की लाश मिली थी। दुष्कर्म कर हत्या का केस भी दर्ज हुआ। प्रदर्शन कर रहे नोनापार निवासी मोनू तिवारी का कहना था कि घटना के अगले दिन पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जाम लगाया था। तब सलेमपुर एसडीएम व भाटपाररानी एसओ ने हत्या का पर्दाफाश करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह दिन का वक्त मांगा था। अब 45 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस है। इस मामले में पहले भी एसडीएम और एसपी को ज्ञापन दिया गया था, बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। मोनू ने भाटपाररानी एसओ और सीओ पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। दोनों को हटाते हुए तत्काल हत्यारों के गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना पर पहुंचे अपर एसडीएम संजीव श्रीवास्तव ने शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में एडीएम प्रशासन राकेश कुमार पटेल मौके पर पहुंचे और वार्ता की। एएसपी शिष्यपाल सिंह से वार्ता करते हुए मामले में शीघ्र कार्रवाई करने को कहा।