बापू और शास्त्री जी के आदर्शों पर चलें : डीएम
कलेक्ट्रेट में फहराया गया ध्वज, सेनानियों को किया सम्मानित
सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में याद किए गए महात्मा गांधी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती सरकारी और गैर सरकारी संस्थानों में समारोह पूर्वक मनाई गई। स्कूली बच्चों ने प्रभातफेरी निकाल की सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। ध्वज फहराने के बाद महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। सभी ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
डीएम अमित किशोर ने कलेक्ट्रेट पर ध्वजारोहण के बाद सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। गोष्ठी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके आश्रितों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डीएम अमित किशोर ने कहा कि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री ने जो भी बातें कही उसका अपने जीवन में स्वत: पालन किया। यह आदर्श प्रस्तुत किया कि जो बातें कही जाए उसका पालन किया जाए। महापुरुषों के इन विचारों को अपने जीवन में उतारने की जरूरत है। उन्होंने स्वच्छता का संकल्प के साथ गंदगी न फैलाने और कार्यालयों की सफाई को अपनाने की अपील की। मुख्य राजस्व अधिकारी राम अवध यादव, एडीएम वित्त एवं राजस्व सीताराम गुप्ता, एडीएम प्रशासन राकेश पटेल ने कार्यक्रम को संबोधित किया। सांस्कृतिक कला केंद्र की छात्रा मधुरेंद्र श्रीवास्तव ने भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ की शानदार प्रस्तुति की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रीराम पांडेय ने आजादी के आंदोलनों के संस्मरण को बताया। इस दौरान सीडीओ राजेश कुमार त्यागी, एसपी एन कोलांची मौजूद रहे।
ओडीएफ गांव के प्रधानों को किया गया सम्मानित
देवरिया। जिला पंचायत में आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें ओडीएफ गांव वाले ग्राम प्रधानों सम्मानित किया गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि गांधी ने जो कहा उसी पर अमल करके दिखाया, जिसके लिए वह पहचाने गये और आज हम सभी लोगों को प्रेरणा लेना चाहिए। इस दौरान सांसद रविंद्र कुशवाहा, विधायक काली प्रसाद, डीएम अमित किशोर, एसपी एन कोलांची आदि मौजूद रहे।