रामपुर कारखाना थाना में अलाव तापते समय हाथ गंवाने वाले कांस्टेबल अजीत सिंह के पत्नी को एसपी ने सहयोग राशी प्रदान किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। रामपुर कारखाना थाने में 14 जनवरी को अलाव तापते समय हाथ गंवाने वाले कांस्टेबल अजीत सिंह की पत्नी को पुलिसकर्मियों के सहयोग से जुटाई गई 11.48 लाख रुपये दिए गए। पुलिस ऑफिस में यह रकम एसपी राकेश शंकर ने मंगलवार की शाम आयोजित कार्यक्रम में दी। रकम पाते ही कांस्टेबल की पत्नी की आंखों से आंसू निकल पड़े।
संतकबीरनगर जिले के सिंह टिकरा गांव के मूल निवासी अजीत सिंह रामपुर कारखाना थाना में मुंशी हैं। 14 जनवरी को थाना परिसर में अलाव तापते वक्त विस्फोट में उनके दोनों हाथ के पंजे उड़ गए थे। अभी उनका उपचार चल रहा है। एसपी की पहल पर जिले के पुलिसकर्मियों ने एक-एक दिन का वेतन दिया। यह राशि 1148150 रुपये हुई थी। मंगलवार की शाम एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उनकी पत्नी प्रेमशीला सिंह को धनराशि का चेक सौंप दिया गया। इस दौरान एएसपी सुरेंद्र बहादुर, आरआई लल्लन यादव, समाजसेवी सौरभ श्रीवास्तव, फायर सर्विस अधिकारी शंकर शरण राय समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।