शहर में बीच सड़क पर सवारी बैठातेे टेंपो चालक।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। जाम की समस्या से निजात की राह में कहीं पुलिस की उदासीनता तो कहीं संरक्षण ही पहला रोड़ा है। मालवीय रोड पर टेंपो खड़ा कर सवारियां भरी जाती हैं, तो खरीदारों की बाइक दुकानों के सामने सड़क पर पर ही खड़ी रहती हैं। इससे न केवल जाम लगता है वरन हादसे की आशंका भी बनी रहती है। राहगीरों को परेशानी तो होती ही है।
सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़ा करने और सड़क पर टेंपो, जीप और बस खड़ी कर सवारी भरने का सिलसिला न थमना जाम का बड़ा कारण है। शहर को जाम से निजात दिलाने के प्रयास पर प्राइवेट वाहन चालक प्रशासन की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। इन दिनों मालवीय रोड पर डिवाइडर के किनारे टेंपो खड़ा कर चालक सवारी भरते हैं। सड़क की दोनों पटरियों पर दुकानों के सामने ग्राहक बाइक खड़ी कर खरीदारी करते हैं। यूनियन बैंक की शाखा होने के कारण बैंक में आने वाले सड़कों पर बाइक खड़ी करते हैं। सुभाष चौक और कोआपरेटिव चौराहे पर पुलिसकर्मी जाम से निजात दिलाने के लिए ड्यूटी बजाते हैं, लेकिन इसका असर सड़क पर गाड़ी खड़ी करने वालों पर नहीं दिखता है। एएसपी सुरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि यदि मालवीय रोड पर अवैध टेंपो स्टैंड है तो उसको हटवाया जाएगा।
भटवलिया स्टैंड पर अक्सर लगता है जाम
भटवलिया चौराहे पर टैक्सी स्टैंड के पास अक्सर जाम लगता है। जीप और टेंपो वाले सड़क पर ही सवारी बैठाते हैं। पटरियों पर वाहन खड़ा करने के कारण सड़क संकरी हो गई है। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने प्राइवेट बस वाले सड़क पर बस खड़ी कर सवारी भरते हैं।
पुलिस की साठगांठ से भरते हैं सवारी
मालवीय रोड के दुकानदार अजीम खान, दिनेश राय, मुमताज और दिलीप वर्मा का कहना है कि पुलिस की मिलीभगत से सड़क पर टेंपो खड़ा कर चालक सवारियां भरते हैं। पहले ऐसा नहीं था। करीब एक साल से यह मनमानी हो रही है। मना करने पर टेंपो चालक मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। विरोध करने पर पुलिस वाले दुकानदारों को ही परेशान करते हैं।