देवरिया। उप निबंधन कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री और विवाह पंजीकरण का कार्य दो दिनों से नहीं हो पा रहा है। जमीन खरीदने और बचने वालों को पूरे दिन इंतजार के बाद लौटना पड़ रहा है। इसकी वजह सर्वर का डाउन होना बताया जा रहा है।
जमीन की खरीद-फरोख्त का काम जबसे ऑनलाइन हुआ है, तब से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई है। जमीन खरीदने और बेचने के लिए लोगों को कई दिनों तक उप निबंधन कार्यालय का चक्कर काटना पड़ रहा है। इसको लेकर विभागीय कर्मचारी भी परेशान हैं। शुक्रवार को कार्यालय खुलने के बाद एक घंटे तक ऑनलाइन जमीन का बैनामा हुआ। जमीन बैनामा कराने आईं मुंडेरा गांव की धानपति, सिसवा की परम ज्योति देवी, विशुनपुर की आजमा खातून, अमेठी की रिंकी देवी ने बताया कि दो दिनों से लौटना पड़ रहा है। सर्वर डाउन होने के कारण जमीन का बैनामा नहीं हो रहा है। गुरुवार को भी सिर्फ तीन लोगों के जमीन की रजिस्ट्री हुई। विवाह पंजीकरण के लिए आए लोगों को घंटों इंतजार के बाद लौटना पड़ा। उप निबंधक फूलचंद्र यादव ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण जमीन बैनामा का काम प्रभावित हो रहा है। इसमें कर्मचारियों की गलती नहीं है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।