देवरिया। ट्रांसफार्मर में कनेक्शन जोड़ते समय एक प्राइवेट बिजली मिस्त्री करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे मिस्त्री को लोग जिला अस्पताल लाए। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
हादसे के बाद इमलिया विद्युत उपकेंद्र में ताला जड़कर जेई और वर्कर भाग निकले। हादसे के बाद से ही सैकड़ों गांव की आपूर्ति ठप है। बताया जा रहा कि रामपुर कारखाना क्षेत्र के संवरेजी गांव निवासी रामअवतार इमलिया विद्युत उपकेंद्र पर प्राइवेट लाइनमैन के रूप में कई सालों से काम कर रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम देवरिया बुद्घु खां गांव में ट्रांसफार्मर चढ़ाने के बाद कनेक्शन जोड़ रहे थे। इसी बीच अचानक आपूर्ति आने से झुलस गए। इसकी खबर मिलते ही उपकेंद्र पर मौजूद वर्कर ताला बंदकर भाग निकले। जेई अनिकेत पाल का मोबाइल स्विच आफ हो गया। घायल लाइनमैन जीवन और मौत से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जूझ रहा है। करीब 150 गांवों की आपूर्ति ठप है। गर्मी से परेशान लोग बिजली विभाग के अफसरों से इसकी शिकायत कर रहे हैं। लेकिन अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।