मेहरौनाघाट। कड़ी सुरक्षा के बीच लार बाजार में डोल जुलूस निकला। जगह-जगह मटकीफोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्साह से लबरेज युवक डीजे की धुन पर खूब थिरके। देर रात को आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
डोल जुलूस मंगलवार मोहल्लों में भ्रमण के बाद शाम करीब चार बजे बाजार के मुख्य तिराहे पर पहुंचा। यहां से सभी डोल एक साथ चौक के लिए चले। भजन-कीर्तन और मटकी फोड़ के बीच यूसुफ रोड, बाजार वार्ड होते हुए रात करीब आठ बजे डोल चौक में पहुंचा। इलाके के प्रतिष्ठित लोगों की मौजूदगी में आरती का कार्यक्रम हुआ। डोल आयोजकों को पुरस्कार वितरण किया गया। ठठेरी गली और घारी वार्ड के आयोजकों की ओर से सुंदर झांकी की प्रस्तुती की गई। लक्खु मोड़, बस स्टैंड, बिहारी होटल के पास सहित कई स्थानों पर युवकों ने मटकी फोड़ा। इसके एवज में इनको इनाम भी दिया गया। सुरक्षा का कड़ा इंतजाम रहा। एएसपी, सलेमपुर सीओ शितांशु यादव, बरहज सीओ वरुण मिश्र और रुद्रपुर सीओ विजेंद्र राय समेत काफी पुलिस मौजूद रही। इस दौरान कुंज बिहारी सिंह, बृजेशधर दुबे, राजेश सिंह, बलबीर सिंह, अमित सिंह, कन्हैयालाल जायसवाल, त्रिवेणी गुप्ता, अरुण सिंह आदि मौजूद रहे।