देवरिया। टेक्निकल फॉल्ट को ठीक करने में बिजली विभाग को 20 घंटे लग गए। इसके चलते नागरिक परेशान रहे। उमस भरी गर्मी ने दिक्कतों को और बढ़ा दिया। नागपंचमी की तैयारी में खलल पड़ गया। दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इसके बाद लोगों को सुकून मिला।
भटवलिया ट्रांसमिशन सब-स्टेशन के पीछे रामनाथ देवरिया मोहल्ला है। गुरुवार की शाम पांच बजे हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने सब स्टेशन में जानकारी दी, लेकिन जिम्मेदारों ने तार को ठीक करने में रुचि नहीं दिखाई। कुछ देर के बाद कर्मचारी पहुंचे, तब तक अंधेरा हो चुका था। इसके चलते ट्रांसफॉर्मर से मेन रोड का तार ठीक नहीं हो सका। मेन रोड से ट्रांसफॉर्मर के बीच तार के नीचे कई मकान थे। इसके चलते कर्मचारियों की टीम वापस लौट गई। मोहल्लेवासियों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ी। सुबह टंकियों का पानी खत्म हो गया। नागपंचमी की तैयारियों में जुटी महिलाएं परेशान हो गईं। घरों की सफाई के अलावा पकवान तैयार करने में मशक्कत करनी पड़ी। हैंडपंप के पानी से कामकाज को निपटाया। सूरज के तेवर से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। जूनियर इंजीनियर रोशन कुमार की टीम खराबी को ठीक करने में जुट गई। दोपहर एक बजे के बाद तार को सही किया। इसके बाद बिजली की आपूर्ति बहाल हुई।