रुद्रपुर। लालाटोली वार्ड में संदिग्ध हालातों में एक 20 वर्ष के युवक की मौत हो गई। उसके घरवाले अस्पताल से शव लेकर गायब चल रहे हैं। डाक्टर के अनुसार युवक की मौत फंदे पर झूलने से हुई होगी। डाक्टरों के मौत की पुष्टि करते ही परिवारवाले शव लेकर भाग गए। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है।
गोनाह सुरतपुरा के रहने वाले हीरालाल सिंह शिवाला वार्ड में मकान बना कर रहते हैं। उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा अजय सिंह की संदिग्ध हालातों में मौत हो गई। सीएचसी के डॉ. अनिरुद्ध गुप्त ने बताया कि वह शनिवार को इमरजेंसी में मरीज देख रहे थे। करीब 1.30 बजे लालाटोली वार्ड के कुछ लोग एक युवक को लेकर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर से बताया कि लड़के को बुखार है। डॉक्टर ने जांच किया तो युवक की मौत हो चुकी थी। जांच में पता चला कि उसकी गर्दन में खिंचाव था। चिकित्सक के अनुसार मौत गला रुधने से दम घुटकर हुई होगी। चिकित्सक ने संदिग्ध हालात में मौत की सूचना पुलिस को दे दी। परिवार वालों को पुलिस आने की भनक लगते ही वह शव लेकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस उन्हें तलाशते हुए उनके घर पहुंची। लेकिन लालाटोली वार्ड स्थित युवक के घर पर ताला लगा था। इस बाबत कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि युवक के परिवार के लोग फरार चल रहे हैं। उसके गांव गोनाह सुरतपुरा और लालाटोली वार्ड पर तलाश की गई। लेकिन कही पता नहीं चला। वह लोग शव लेकर गायब है तलाश जारी है।