देवरिया। व्यापारी विद्याभास्कर हत्याकांड का मुख्य आरोपी आलम को पकड़ने में जिला की पुलिस फेल हो गई है। बृहस्पतिवार को भी दीवानी कचहरी के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा था, लेकिन आलम यहां आत्मसमर्पण करने ही नहीं आया। हालांकि पुलिस के जवान कचहरी गेट से लेकर सीजेएम न्यायालय के बाहर तक पूरे वक्त मौजूद रहे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्यारोपी आलम न्यायालय में समर्पण करेगा। सूचना के बाद से ही पुलिस चौकन्ना है। सुबह से ही कचहरी के हर गेट से लेकर सीजेएम न्यायालय तक पुलिस के जवान सादे वेश में मौजूद रहे। महिला सिपाही भी सादा वर्दी में ड्यूटी दे रही थी। पुलिस के जवान हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहे थे। आवेदन देने का निर्धारित बीतने के बाद भी पुलिस के जवान वहां से हिले नहीं। उनको आशंका थी कि आलम सीधे न्यायालय आ सकता है। तमाम अधिवक्ताओं की भी इस मामले पर नजर थी।
हत्यारोपी आलम के घर की होगी कुर्की
देवरिया। सदर कोतवाल नीतीश कुमार श्रीवास्तव ने सीजेएम न्यायालय में आवेदन देकर कुर्की आदेश जारी करने की मांग की थी। इस पर सीजेएम ने कुर्की का आदेश दे दिया। पुलिस कुर्की की मुनादी करा रही है।