स्वास्थ्य व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई, ठेला दुकानदारों के 64 नमूने लिए
देवरिया। कोविड-19 को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। शुक्रवार को सीएमओ डॉ. आलोक पांडेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने बस स्टैंड व सिविल लाइंस पर मिठाई तथा ठेला दुकानदारों के कुल 64 नमूना लिए। सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया।
देश के कई प्रांत में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को लेकर शासन व प्रशासन गंभीर है। जनपद में कोविड-19 के रोकथाम के लिए प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद है। डीएम आशुतोष निरंजन ने जांच बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके तहत शुक्रवार को सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग व खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को संयुक्त रूप से सैंपलिंग करने का निर्देश दिया। इसके बाद मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, जिला महामारी विशेषज्ञ राजीव भूषण, स्वास्थ्य निरीक्षक राजन त्रिपाठी, रविजीत सिंह, एलटी राकेश मल्ल, राकेश यादव बस स्टैंड पर पहुंचे, जहां मिठाई के दुकानदारों तथा ठेला, खोम्चा कारोबारियों का नमूना लिया। इसके बाद टीम सिविल लाइंस रोड पर बढ़ी और मिठाई सहित पटरी पर ठेला लगाए लोगों का नमूना लिया। इस संबंध में जिला महामारी विशेषज्ञ ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण के रोकथाम को लेकर नमूना लिया गया और उसे जांच के लिए भेजा गया।