भटनी। पुलवामा हमले में शहीद विजय कुमार मौर्य के गांव को जोड़ने वाली नगर की सड़क का नामकरण शहीद के नाम पर होगा। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में गुरुवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके अलावा नगर क्षेत्र में शहीद के नाम पर पार्क निर्माण को भी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास किया। यह प्रस्ताव शीघ्र ही शासन को भेजा जाएगा।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बोर्ड की बैठक तय समय पर शुरू हुई। बैैठक में शोक प्रस्ताव लाया गया। पुलवामा हमले में शहीदों को नमन करते हुए बैठक को अगली तिथि के लिए स्थगित कर दिया गया। हालांकि इससे पहले सदस्यों ने दो अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई। चेयरमैन बलराम जायसवाल ने बताया कि इसमें पहला प्रस्ताव 115 नंबर रेलवे क्रॉसिंग से शहीद के गांव की ओर जाने वाली सड़क का नामकरण शहीद विजय मौर्य के नाम पर करने की सहमति बनी। नगर पंचायत अपनी सीमा में इस सड़क का निर्माण कराएगा। इसके आगे की सड़क संबंधित ग्राम पंचायतों के माध्यम से निर्मित कराने का भी प्रयास किया जाएगा। दूसरा प्रस्ताव नगर क्षेत्र में शहीद के नाम पर पार्क निर्माण का रहा। जल्द ही दोनों प्रस्तावों को शासन को प्रेषित किया जाएगा। बैठक में इंद्रावती देवी, नूर आलम, लल्लन यादव, अनिल गुप्ता, अविनाश सिंह, विकास जायसवाल, गौरी देवी, रतन मद्धेशिया, मिथिलेश यादव, पुष्पा आदि सदस्य मौजूद रहे।