नगरी निकाय चुनाव के लिए तैयार बैलेट बाक्स।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। निकाय चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई है। निर्वाचन अधिकारी/सीआरओ ने मातहतों के साथ बैठकर चुनावी तैयारी की जानकारी ली। आधी अधूरी तैयारियों के बीच पहुंचे कर्मचारियों को हिदायत देते हुए दो दिनों के अंदर तैयारी पूरा करने को कहा।
राज्य निर्वाचन आयुक्त 24 नवंबर को वीडियो कांफ्रेंस के जरिए निकाय चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेंगे। इसको लेकर चुनाव से जुड़ी तैयारियों में तेजी आ गई है। मंगलवार को उप निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार ने बैठक लिया। इसमें अधिकांश कर्मचारी आधी अधूरी तैयारियों के बीच पहुंचे थे। उप निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए चुनाव की तैयारी पूरी करने को कहा। उन्होंने बताया कि निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन सक्रिय है। इससे जुड़ी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। इसके अलावा कलेक्ट्रेट सभागार में चल रही मत पेटिकाओं की मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया है। उप निर्वाचन अधिकारी ने बताया होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग को लेकर मातहतों की बैठक लिया गया। चुनावी तैयारियां अंतिम दौर में चल रही है।