डॉयट में स्काउट-गाइड शिविर के समापन पर झांकी निकालतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
रामपुर कारखाना। डॉयट परिसर में मंगलवार को दो दिवसीय स्कॉउट-गाइड शिविर का समापन हुआ। परिषदीय और कस्तूरबा वर्ग में बैतालपुर जिला चैंपियन रहा। मुख्य अतिथि बीएसए उपेंद्र कुमार और विशिष्ट अतिथि डॉयट प्रवक्ता इंद्रजीत यादव ने दीप जलाकर समापन समारोह की शुरुआत की।
शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत में पांच तहसील और 13 कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्राओं ने झांकी निकाली। छात्राओं की झांकी का लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। जिला स्काउट प्रशिक्षक संजय मिश्रा, ब्लॉक स्काउट मास्टर अरविंद सिंह और सुनीता सिंह ने बिना बर्तन के भोजन बनाने का प्रशिक्षण दिया। आपदा के दौरान घर के ही सामान से राहत शिविर बनाने के प्रशिक्षण का छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। महज दो मिनट में ही डेढ़ दर्जन बने राहत शिविर का मुख्य अतिथि बीएसए ने निरीक्षण किया। झांकी, टोली बनाने और प्रशिक्षण में बैतालपुर सबसे आगे रहा। उसे ओवर आल चैंपियन का पुरस्कार दिया गया। बीईओ विनोद त्रिपाठी ने आभार जताया। इस दौरान सुमन, आनंद, शर्मिला यादव, अनिरुद्ध यादव, लालमन यादव, प्रियंका सिंह, अरविंद राय आदि मौजूद रहे।