देवरिया। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह की कंपनी के मालामाल होने की जांच की मांग को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। वक्ताओं ने कहा कि देश का चौकीदार कहने वाले मोदी को इस बात का पता लगवाना चाहिए कि कम समय में एक कंपनी इतनी मालामाल कैसे हो सकती है। उन्होंने कहा कि गरीबों को और गरीब बनाने का काम भाजपा कर रही है।
धरने का नेतृत्व आप के जिला सचिव अशोक गुप्ता ने किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन दिया गया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि जो कंपनी 2014-15 के दौरान सालाना 50 हजार रुपये का कारोबार करती थी वह नोटबंदी और जीएसटी में भी 16000 गुना के बेतहाशा वृद्धि के साथ 80.50 करोड़ रुपये की कारोबार कर गई। मीडिया प्रभारी हरिनारायण चौहान ने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी जैसी नीति से जहां किसान, व्यापारी परेशान हैं, वहीं कुछ उद्योगपतियों का खजाना तेजी से भरता जा रहा है। इस दौरान अनूप गुप्ता, सुरेंद्र वर्मा, राम किशोर चौहान, विनय तिवारी, विक्की, पंकज दुबे आदि मौजूद रहे।