सलेमपुर। मझौलीराज नगर के धुसा और कर्जवानी वार्ड में लोगों को तीन वर्ष से बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही है। इससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। विभाग बिजली का बिल भी भेज रहा है। इसकी शिकायत लोगों ने विभाग और तहसील दिवस पर की। इसके बावजूद आपूर्ति फिर से चालू नहीं हो सकी। इससे नाराज लोगों ने एसडीएम दफ्तर के पास प्रदर्शन किया।
तीन साल पहले आए आंधी-पानी के दौरान पोल और तार टूट गए थे। इसके बाद विभाग ने पोल व तार नहीं लगाए। इसके चलते वार्ड केे लोगों की रात अंधेरे में गुजरती है। नगर के लोगों ने शिकायत विभाग के अलावा तहसील दिवस में चार बार की। फिर भी सुनवाई नहीं हुइ्र। इससे नाराज नगर वासियों ने राजू खान के नेतृत्व में मंगलवार को एसडीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामविलास राम को दिया। इसमें कहा गया है कि जब से बिजली का पोल और तार टूटे हैं, लगाया नहीं गया। इसके चलते बिजली नही मिल रही है। नगर के अन्य वार्डों में बिजली तीन से चार घंटे ही मिल रही है। उमस भरी गर्मी में लोगों को मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान जगदीश, राज कुमार, सोनू, सरदार अंसारी, जुमादीन अंसारी, नगमा परवीन, हीरामन प्रसाद आदि मौजूद रहे।