मेहरौनाघाट। लार में डोल मेले को लेकर प्रशासन सतर्क है। इस बार का मेला सीसीटीवी कैमरा की नजर में होगी। चौकी से बाजार तिराहे तक करीब दस कैमरे लगाए जाएंगे। घरों की छतों पर पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है।
प्रशासन की नजर में लार अति संवेदनशील है। पिछले साल डोल मेला जुलूस में डोल पर पथराव हो गया था। इसको लेकर इस बार प्रशासन अलर्ट है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर 16 अगस्त को लार में डोल जुलूस निकलेगा। डोल आयोजक अभी से तैयारियों में लग गए है। बाजार तिराहे से एक चौक के लिए एक साथ डोल जुलूस की शक्ल में निकलते हैं। बाजार की गलियों के रास्ते देर शाम को डोल तय स्थान पर पहुंचता है और वहां आरती होती है। वहां लगे मेले में लोग खरीदारी करते हैं। पिछले साल दीवार पर लगा एक राजनीतिक पोस्टर करतब दिखाने के दौरान जल गया। इससे नाराज एक समुदाय के लोगों ने डोल जुलूस पर प्रशासन के सामने पथराव कर दिया। पुलिस की सक्रियता से बड़ा बवाल होने से टल गया। पुलिस इस मामले में पथराव करने वालों पर केस दर्ज किया। इस बार बाजार तिराहे से चौक तक गलियों में करीब दस स्थानों पर सीसीटीवी कैमरा पुलिस लगवा रही है। इसके अलावा लोगों की घरों पर भी पुलिस तैनात रहेगी और कैमरे से वीडियोग्राफी करेंगी। इंस्पेक्टर भीष्मपाल सिंह ने बताया कि पूर्व में हुए विवाद को लेकर इस बार सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके लिए सीसी टीवी कैमरा भी लगवाया जाएगा। स्थान चिन्हित कर लिया गया है।
250 लोग हुए पाबंद
पिछले साल डोल मेले में हुए पथराव और बवाल के मद्देनजर पुलिस ने 250 लोगों को 107/16 में पाबंद की है। इसमें पथराव में शामिल आरोपी और डोल आयोजक शामिल है। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टिकोण से डोल मेला को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर लिया है। शनिवार को आयोजित शांति कमेटी की बैठक में एसपी भी लार जाएंगे।