देवरिया। पुलिस अधीक्षक राजीव मल्होत्रा बुधवार की दोपहर अचानक कोतवाली थाने पहुंच गए। पांच साल से भी अधिक समय से पासपोर्ट का कार्य देख रहे सिपाही हरेंद्र सिंह को सस्पेंड कर दिया। बिना वर्दी के मौजूद दीवान को फटकार लगाई। शस्त्रागार की स्थिति ठीक नहीं होने पर उन्होंने एक सप्ताह में निरीक्षण की बात कही। एसपी के तेवर देखकर सादे वेश में इधर-उधर घूम रहे सिपाही भाग निकले।
सदर कोतवाली में पासपोर्ट का कार्य देखने वाले हरेंद्र सिंह सब कुछ अपने कमरे पर रखते थे। पुलिस अधीक्षक ने बुलाया तो वह बिना वर्दी के ही पहुंच गए। कागजात मांगा तो कमरे की तरफ जाने लगे। इस पर एसपी ने उन्हें सस्पेंड कर दिया। कार्यालय में दीवान भी सादे वेश में थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। कुछ दिन पहले डीआईजी नीलाब्जा चौधरी ने कोतवाली का मुआयना किया था। शस्त्रागार की स्थिति खराब देखकर उन्होंने इसे ठीक करने का निर्देश दिया था। इसके बाद भी हालात जस के तस थे। इस पर एसपी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दीवान से कहा कि सब ठीक कर लें। एक सप्ताह में वह कोतवाली थाने का निरीक्षण करने आएंगे। एसपी के तेवर देख कोतवाली में अफरातफरी का माहौल हो गया। जो सिपाही वर्दी में नहीं थे, मौका देखकर कोतवाली से खिसक लिए। करीब 15 मिनट तक वह कोतवाली में रहे। इस दौरान सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।