सलेमपुर। तहसील दिवस में डीएम और एसपी लापरवाह मातहतों को हिदायत देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। अफसरों ने 91 लोगों की शिकायत सुनी। इसमें छह मामलों का निपटारा तत्काल कराया।
डीएम सुजीत कुमार और एसपी राजीव मल्होत्रा सलेमपुर तहसील दिवस में करीब 1.30 बजे पहुंचे। अफसरों की आने की सूचना पर फरियादियों की भीड़ भी रही। अफसरों के सामने कई ऐसे फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे जो कई बार से तहसील दिवस का चक्कर काट रहे है। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते इनके मामलों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इस पर डीएम और एसपी ने नाराजगी जताते हुए कहा सरकार की मंशा है लोगों को न्याय दिलाना और शिकायतों का निस्तारण करना। इसमें लापरवाही करने वाले कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार पर भी पेंच कसा। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक मामले राजस्व से जुड़ी अफसरों तक पहुंच रही है। इसकी वजह स्थानीय स्तर पर लेखपालों की लापरवाही है। राजस्व के छह मामलों का निस्तारण कराया गया। इस दौरान सीडीओ राजेश त्यागी, जिलापूर्ति अधिकारी केजी पांडेय, एसडीएम राम विलास राम, तहसीलदार योगेंद्र प्रसाद, नायब तहसीलदार डॉ. संजीव राय आदि मौजूद रहे।