मेहरौनाघाट/भटनी। लार नगर में लाइसेंसी बीयर की दुकान में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। सेंध काटने के दौरान खटपट की आवाज सुनकर मुनीम की नींद खुली तो चोर भाग निकले। इसके अलावा भटनी नगर के एक घर में चोरी करते हुए युवक पकड़ा गया। पुलिस इसकी जांच कर रही है।
लार नगर के पकड़ी वार्ड में लाइसेंसी बीयर की दुकान संचालित होती है। शुक्रवार की रात दुकान के अंदर मुनीम सोया था और पीछे से चोरी के लिए चोर सेंध काट रहे थे। खटपट की आवाज सुनकर मुनीम की नींद खुली और वे टॉर्च जलाए तो चोर खेतों के रास्ते भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने नशे में धुत एक युवक को हिरासत में लिया। वहीं भटनी नगर के रामअवध वर्मा के घर में रात को एक युवक घुस गया। इसकी जानकारी घर की महिलाओं को हुई तो शोर किया। इसके बाद घर वाले युवक को पकड़कर धुनाई कर दी और मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। युवक सदर कोतवाली के करौंदी बाजार का रहने वाला है। भटनी एसओ विजय नारायण ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है।