सलेमपुर। नगर के भरौली वार्ड से गुजरने वाली बीच सड़क पर खून से लथपथ एक युवक अचेत पड़ा था। उधर से गुजरने वाले राहगीर युवक को देखते हुए आगे बढ़ जा रहे थे। किसी ने मानवता दिखाने की कोशिश नहीं की। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चौकीदार की देख-रेख में इलाज चल रहा है लेकिन इसकी जानकारी कोतवाल को नहीं है।
कोतवाली क्षेत्र के मालीबारी गांव निवासी सुशील चौहान (30) किसी काम से सलेमपुर आया था। सुबह करीब 10 बजे लोगों ने उसे मोहरभाई चौक और नगर पंचायत कार्यालय के बीच सड़क पर खून से लथपथ देखा। करीब आधे घंटे तक अचेत युवक सड़क पर पड़ा रहा। वहां का रहने वाला रवि नाम का एक युवक एंबुुलेंस और पुलिस को कॉल कर इसकी जानकारी दिया। कुछ देर बाद उसे अस्पताल सीएचसी पहुंचाया गया। युवक के जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर पुलिस ने इसकी पहचान की और घर वालों को सूचना दिया। घायल के साथ एक चौकीदार को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं है। पता लगाता हूं।