भटनी। क्षेत्र के पिपरा देवराज गांव में बुधवार की रात नकब काटकर और दरवाजा तोड़कर करीब छह लाख की चोरी का मामला सामने आया है।
एसपी के निर्देश पर पहुंची फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भटनी के पिपरा देवराज गांव निवासी राधा रमन तिवारी किसान हैं। वह पत्नी के साथ घर पर रहते हैं, जबकि उनके बेटे और बहू नौकरी के चलते बाहर रहते हैं। बुधवार की रात पत्नी के साथ भोजन के बाद सो गए। बृहस्पतिवार की सुबह उठने पर दरवाजा खुला देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर एसओ भटनी मृत्युंजय राय भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पीड़ित से पूछताछ के बाद इसकी जानकारी एसपी संजीव सुमन को दी। एसपी के निर्देश पर कुछ देर में फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम भी पहुंच मौके से जरूरी सबूत इकठ्ठा किया।
वहीं चोरों ने गांव में वजीर के मकान में भी नकब काटकर चोरी का प्रयास किया है। दो मकानों में नकब कटने और चोरी की वारदात से गांव में दहशत का माहौल है। नाराज लोगों ने जल्द मामले का पर्दाफाश और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि पिपरा देवराज गांव में चोरी की घटना हुई है। पीड़ित परिवार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जल्द आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।